बारां में यातायात और अतिक्रमण अभियान से व्यापारियों को हो रही समस्याओं को लेकर शनिवार को व्यापार महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीना से मिला।
महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमरा ने आयुक्त को व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान की मांग रखी। इस बैठक में चौपाटी मार्केट और अस्थायी दुकानों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सभी की सहमति से आयुक्त ने श्रीराम स्टेडियम के बाहर से डाक बंगला गेट तक चौपाटी मार्केट लगाने के लिए नाले के ऊपर 5 फीट की जगह निर्धारित करने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त, स्टेशन रोड पर लग रही बैग, बेल्ट, टोपी सहित अन्य सामग्री की अस्थायी दुकानों को नेपाली मार्केट में स्थानांतरित करने पर भी सहमति बनी। व्यापारियों से की अपील
आयुक्त मीना ने शहर के सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपना सामान दुकान के अंदर ही रखें और अपने वाहन पीली लाइन के भीतर ही खड़े करें। उन्होंने ग्राहकों के वाहनों को भी निर्धारित लाइन के अंदर खड़ा करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके। आयुक्त ने बताया कि शहर की आबादी और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। पर्याप्त पार्किंग स्थल बनाने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में शहर में पर्याप्त पार्किंग स्थल बनाने की मांग भी उठाई। साथ ही, शाहबाद रोड पर अंबेडकर सर्किल से नियाना ग्रेड तक करीब 18 माह से एक तरफ से आवागमन बंद होने से व्यापार प्रभावित होने की समस्या पर भी ध्यान आकर्षित कराया। व्यापारियों ने बताया कि सड़क लंबे समय से खुदी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
इस समस्या पर आयुक्त ने 10 दिन का समय मांगा और आश्वासन दिया कि इसके बाद अंबेडकर सर्किल से नियाना ग्रेड तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मोटर मार्केट को शीघ्र चालू करने के प्रयास
बैठक में मोटर मार्केट के आवंटन और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि जिन व्यापारियों को दुकानें आवंटित हो चुकी हैं, उन्हें जल्द दुकानें शुरू करने के आदेश जारी किए जाएंगे और मोटर मार्केट को शीघ्र चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयुक्त ने बताया कि शहर में 3 पार्किंग स्थलों के लिए मैप और बजट बनाकर सरकार को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही इन पर काम शुरू कराया जाएगा।
बैठक में महासंघ के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन बंसल, ललित मोहन खंडेलवाल, कमलेश गोयल, महासचिव कन्हैयालाल चित्तौड़ा, उपाध्यक्ष भानु पोरवाल, कमलेश जैन, पराग टोंग्या, महात्मा गांधी व्यापार संघ अध्यक्ष अनवर भाई, कुशलपाल प्रजापति सहित विभिन्न व्यापार संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


