धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके अनुभवों का विभागीय कार्यों में लाभ लेना था। गोष्ठी को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने पुलिस पेंशनर्स की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और त्याग के कारण ही पुलिस विभाग आज मजबूत स्थिति में है। शर्मा ने भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के अनुभव बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। उनके सुझावों को प्राथमिकता के साथ विभागीय कार्यप्रणाली में शामिल किया जाएगा। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने विचार रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के लिए परिचय पत्र बनवाने, पेंशन संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर पेंशन प्रकोष्ठ बनाने, सैनिक कल्याण बोर्ड की तर्ज पर पुलिस कल्याण बोर्ड की स्थापना, जिले से बाहर साक्ष्य पर जाने पर यात्रा भत्ता दिलाने जैसे मुद्दे शामिल थे। इसके अतिरिक्त, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और पुलिस दिवस पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को आमंत्रित करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने सभी बिंदुओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शीघ्र समाधान और इन मांगों को उच्च स्तर पर पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस संस्थान धौलपुर शाखा के जिलाध्यक्ष रवि कटारा और सचिव गुरु प्रसाद सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। मौजूद प्रमुख सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों में मंगल सिंह, राजेश सिंह, मुरारी, जानकीनंदन मीणा, जगदीश दिवाकर, श्रवण पाठक, किशन मीणा और गोपालीराम शामिल थे।


