थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में चार साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी भैरूलाल पुत्र मिठुलाल गाडरी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने काफी समय से अभियान चला रखा था। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 14 फरवरी 2022 को राशमी थाना पुलिस और डीएसटी ने बारू निवासी सलीम मंसुरी पुत्र पीरु उर्फ पीरबक्ष मंसुरी के मकान पर छापा मारा था। इस दौरान 3 किलो 510 ग्राम अवैध अफीम, 2 लाख 90 हजार रुपए नकद और एक देशी कट्टा जब्त किया गया था। सलीम मंसुरी मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में सलीम मंसुरी ने बताया कि जब्त की गई अफीम उसने खारखन्दा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ निवासी भैरूलाल पुत्र मिठुलाल गाडरी से खरीदी थी। इसके बाद से भैरूलाल फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में राशमी थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम में कांस्टेबल रमेश विश्नोई, नानू लाल और मनोज कुमार शामिल थे। टीम ने तकनीकी और आसूचना संकलन के माध्यम से भैरूलाल का पता लगाया। सूचना मिली कि वांछित इनामी आरोपी भैरूलाल (32 वर्षीय) थाना क्षेत्र के गोराजी चौराया रुद में आने वाला है। इस जानकारी पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोराजी चौराया रुद पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसे गिरफ्तार कर जब्त अफीम की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।


