गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के बदडीहा गांव में चोरों का उत्पात देखने को मिला है। यहां एक साथ चोरों ने तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया और इस दौरान वे घरों में रखे नगद, जेवरात, टीवी, बर्तन समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर लिए। चोरी की सूचना के बाद परिजनों ने हो-हल्ला किया तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। नींद टूटी तो उन्हें घर के खिड़की व दरवाजे टूटे मिले खुशबू विश्वकर्मा ने बताया कि वे लोग पूजा करने के लिए घर बंद कर के गए थे। जब वे वापस आए तो देखे कि उनके घरों में चोरी हुई है। वहीं, संगीता देवी एवं धीरेन्द्र पंडित ने बताया कि वे सभी घर के अंदर सो रहे थे। जब रात के लगभग दो बजे उनकी अचानक नींद टूटी तो उन्हें घर के खिड़की व दरवाजे टूटे मिले। अंदर जाकर जब उन्होंने देखा तो पाया कि सामान इधर-उधर बिखरे पड़े हैं। लॉकर भी टूटा मिला। चोरों ने तीनों घरों में कुल मिलाकर लगभग 5 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया है और इसकी सूचना जमुआ थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों घर में चोरी हुई है। सभी एंगल से जांच-पड़ताल किया जा रहा है।


