कपूरथला के मोहल्ला जट्टपुरा में एक्टिवा पर जा रही एक युवती से दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित युवती की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिटी थाना SHO अमनदीप नाहर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि झपटमारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पीछे से आए लुटेरे चेन झपट कर फरार पीड़ित युवती करिश्मा वर्मा ने बताया कि शाम लगभग 4:30 बजे वह अपनी माता की दवाई लेने गई थी। दवाई लेकर काम पर लौटते समय मोहल्ला जट्टपुरा में एक आटा चक्की के पास पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। लुटेरों के चेहरे ढके हुए थे युवती ने बताया कि दोनों झपटमारों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।


