कांगड़ा में हादसे में दो युवकों की मौत:देहरा में NH-503 पर HRTC बस और बाइक में आमने सामने की हुई टक्कर

राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर देहरा के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी देहरा के नजदीक एक तेज रफ्तार बाइक की HRTC बस से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पल्सर एनएस-200 बाइक पर देहरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान देहरा क्षेत्र के कनोल और चनौर गांव के निवासी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 22 और 23 वर्ष बताई जा रही है।
बस चालक राकेश कुमार ने बताया कि वह होशियारपुर से धर्मशाला जा रही बस चला रहा था। देहरा से लगभग तीन किलोमीटर आगे वह एक स्कूल बस को धीरे-धीरे पास कर रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार बाइक आई और सीधे बस से टकरा गई। सूचना पर देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *