गीता जयंती पखवाड़े के तहत बजरंगदल ने बुधवार को शौर्य दिवस मनाते हुए सतना शहर में शौर्य पथ संचलन निकाला। शहर में जयघोष करते निकले कार्यकर्ताओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। बजरंगदल का शौर्य पथ संचलन शहर के पुराना पावर हाउस स्थित राजविला गार्डन से शुरू हुआ, जिसमें विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथ में दंड और तलवार लिए एक जैसी वेश भूषा में कार्यकर्ता जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए नगर की सड़कों पर निकले। पुराना पावर हाउस चौक से हनुमान चौक, फूलचंद चौक, कम्पनी बाग, लालता चौक होते हुए शास्त्री चौक, गांधी चौक, स्टेशन रोड, अस्पताल चौक, पन्नीलाल चौक होते हुए शौर्य जागरण पथ संचालन वापस पुराना पावर हाउस पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। विहिप नेता सचिन शुक्ला ने बताया कि अयोध्या में विवादित ढांचे के ध्वस्त होने के बाद से बजरंग दल प्रति वर्ष 6 दिसंबर को शौर्य जागरण-पथ संचलन कार्यक्रम करता रहा है। बाद में इसे गीता जयंती के अवसर पर मनाया जाने लगा। उसी तारतम्य में बुधवार को सतना में यह आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मरघट नाथ आश्रम कोठी के महंत महाराज, क्षेत्र संयोजक बजरंग दल विश्ववर्धन भट्ट, महाकौशल प्रांत संयोजक यतेंद्र पाठक, वरिष्ठ कार्यकर्ता योगेश तिवारी, सचिन शुक्ला, अबीर द्विवेदी, शिवेंद्र शर्मा, पार्षद अभिषेक तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। देखें आयाेजन की तस्वीरें…


