पिंकसिटी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित प्रेस प्रीमियर लीग (PPL) का शनिवार को जयपुर में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में दैनिक भास्कर डिजिटल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समाचार जगत की टीम को 157 रनों से हराकर टूर्नामेंट की जीत के साथ शुरुआत की। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए सतीश कुमावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उद्घाटन मैच में खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ मौजूद रहे। मुकाबला रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। डीबी डिजिटल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहली ही गेंद पर कप्तान समीर शर्मा आउट हो गए। इसके बाद फर्स्ट डाउन बल्लेबाज अनुराग त्रिवेदी भी 2 गेंद में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की आखिरी गेंद तक टीम 6 रन पर दो विकेट खोकर दबाव में आ गई थी। इसके बाद सतीश कुमावत और तरुण शर्मा ने टीम को संभालते हुए 84 रनों की अहम साझेदारी की। आठवें ओवर में 90 रन के स्कोर पर यह साझेदारी टूटी और तरुण शर्मा आउट हो गए। इसके बाद सुरेंद्र जांगिड़ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 68 रन बनाए। ओपनर सतीश कुमावत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 रनों की पारी खेली और टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में सौरभ गृहस्थी ने 19 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए। 34 अतिरिक्त रनों की मदद से डीबी डिजिटल ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी समाचार जगत की टीम की शुरुआत भी खराब रही। दूसरे ओवर में कप्तान संतोष कृष्णा शर्मा 6 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे ओवर में धर्मेंद्र शर्मा और चौथे ओवर में हनुमान भी आउट हो गए। चार ओवर में 13 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद टीम दबाव से उबर नहीं पाई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 81 रन ही बना सकी। इस तरह डीबी डिजिटल ने मुकाबला 157 रनों से जीत लिया।


