गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में आज महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में केशवपुरा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। केशवपुरा चौराहे पर चूल्हे पर कंडे और लकड़ियां रखकर उन्हें जलाते हुए खाना बनाया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा- महंगाई की मार झेल रही जनता पर केंद्र सरकार का यह फैसला गरीबी में आटा गीला करने जैसा है। लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है। क्योंकि घर का पूरा बजट रसोई से शुरू होता है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोग फिर से कंडों और लकड़ियों के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से छोटे दादाबाड़ी चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस शहर अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि ईरान और अमेरिका युद्ध की आड़ में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने ऐसे समय मे 60 रुपए प्रति सिलेण्डरों की बढ़ोतरी की। जब भारत की जनता पहले से ही मंहगाई से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की जनता के साथ कुठाराघात कर उन्हें लूट रही हैं। मोदी उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए देश की जनता से पैसा सींचने का काम कर रही है। अच्छे दिन का वादा करने वाली मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।


