मनेन्द्रगढ़ के प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर में होली के अवसर पर फूलों की होली का आयोजन किया गया। सामूहिक हनुमान चालीसा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके उपरांत मंदिर परिसर में फूलों की होली खेली गई। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर होली का आनंद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत गाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। ढोलक और मंजीरे की थाप पर प्रस्तुत फाग गीतों पर उपस्थित महिलाएं झूम उठीं। फूलों के साथ मनाई गई इस होली ने मंदिर परिसर में आध्यात्मिक और आनंदमय वातावरण निर्मित किया। सामूहिक हनुमान चालीसा समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले पाँच वर्षों से हर मंगलवार को मंदिर में नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है। समिति प्रमुख त्योहारों पर विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती है, जिससे श्रद्धालुओं को भक्ति और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। समिति की अध्यक्ष डॉ. रश्मि सोनकर ने मंदिर पहुंची सभी महिला श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संदेश देते हैं। फूलों की होली के इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, आस्था और उत्साह से भरा रहा। समिति के सदस्यों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।


