मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने हाल ही में मुंगेली और लोरमी विकासखंड में निर्माणाधीन पीएम श्री और स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और गुणवत्ता में कमी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के साथ मोतिमपुर (अमरटापू) स्थित निर्माणाधीन पीएम श्री विद्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने लैब, लाइब्रेरी और कक्षाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पीएम श्री के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा स्कूल की शिफ्टिंग जल्द सुनिश्चित करने को भी कहा। निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद, उन्होंने लोरमी विकासखंड के लालपुर धाम में स्व. अंजोरदास पाटले स्वामी आत्मानंद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि शिक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विद्यालय परिसर के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी का भी दौरा किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई, एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, निर्माण कार्यों की समय पर रिपोर्टिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री द्वारा इन सभी नए स्कूल भवनों का उद्घाटन किया जाएगा। इसलिए, निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और भव्यता के साथ समय पर पूर्ण होना चाहिए।


