गरियाबंद जिले में भाजपा को निकाय चुनावों में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने जिले की तरक्की के लिए सीएम का आशीर्वाद मांगा। विधानसभा में हुई इस मुलाकात में उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर सहित सभी भाजपा अधिकृत जिला पंचायत सदस्य मौजूद थे। राजिम विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में पहुंची नई टीम का सीएम साय ने स्वागत किया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। प्रतिनिधियों ने रमन सिंह से भी मुलाकात की भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर की मौजूदगी में प्रतिनिधियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह से भी मुलाकात की। संगठन के नेताओं ने इस जीत का श्रेय भाजपा सरकार की योजनाओं को दिया। वहीं शीर्षस्थ नेताओं ने जमीनी कार्यकर्ताओं और प्रभारियों की मेहनत को इसका कारण बताया। गौरतलब है कि जिला पंचायत से लेकर जिले के सभी पांच जनपद पंचायतों में भाजपा अधिकृत प्रत्याशी विजयी हुए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद गरियाबंद जिले में यह पहला मौका है जब भाजपा को इतनी बड़ी सफलता मिली है।


