टोंक शहर के पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के देशवाली मोहल्ले में शुक्रवार रात करीब 9 बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। इसके बाद एक पक्ष ने एक बस्ती पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि विशेष समुदाय के तीन-चार युवक किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे और झगड़ते हुए एक मोहल्ले में पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें मोहल्ले में झगड़ा नहीं करने और अपने क्षेत्र में जाने की बात कही। अफवाह के बाद हुआ पथराव पुरानी टोंक थाना प्रभारी नेमीचंद ने बताया कि थाना क्षेत्र में देशवाली मोहल्ला है उनके पास एक मोहल्ला हैं, दोनों मोहल्लों के बीच एक किराने की दुकान हैं। वहां बीती रात करीब 9 बजे तीन चार युवक किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। वे झगड़ते हुए पास ही स्थित मोहल्ले में चले गए। जहां समाज के कुछ लोगों ने उन्हें टोका कि मोहल्ले में झगड़ा मत करो, आपके मोहल्ले में चले जाओ। उससे नाराज होकर झगड़ रहे तीन चार युवक एक समाज के लोगों से झगड़ा करने लगे और उन्होंने यह अफवाह फैला दी 2 धर्मों के लोगों के बीच झगड़ा हो गया। फिर बिना सच्चाई को जाने विशेष समुदाय की ओर से मोहल्ले में पथराव कर दिया। इससे माहौल बिगड़ गया। लोग घरों में जा घुसे। पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करीब दस मिनट में पुरानी टोंक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एडिशनल एसपी रतन लाल भार्गव, एसडीएम हुक्मीचंद रोहलानिया समेत शहर के तीनों थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया। सात लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक पक्ष के सात लोगों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब 20 से 25 लोगों की पहचान की है, जो माहौल खराब करने और पथराव में शामिल थे। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूर्व विधायक ने की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर टोंक के पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि शहर में भाईचारा बना रहे। समाज की चेतावनी
घटना के बाद समाज के लोगों ने नाराजगी जताते हुए देशवाली मोहल्ले में सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी भी दी है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


