बोड़ला| शनिवार दोपहर करीब सवा 3 बजे बोड़ला टोल प्लाजा के पास हुए सड़क हादसे में अब्दुल कय्यूम खान (75) की मौत हो गई। वे वार्ड नंबर- 25 घोठिया रोड कवर्धा के निवासी थे। मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन क्रमांक- एमपी 20 बीए 0137 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए अब्दुल कय्यूम खान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक बोड़ला तहसील कार्यालय अपने निजी काम से जा रहे थे तभी टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक अब्दुल कय्यूम खान भारतीय जनता पार्टी के फाउंडर मेंबर थे।


