भास्कर न्यूज | जशपुरनगर
केंद्र सरकार के बजट 2026-27 में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े प्रावधानों की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से “एग्रीकल्चर एंड रूरल ट्रांसफार्मेशन” विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार का स्थानीय स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों को बजट में घोषित योजनाओं व नीतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बजट में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाते हुए कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। इस अवसर पर किसानों को बजट में घोषित नई योजनाओं, सब्सिडी, कृषि आधारित उद्योगों के विकास व ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के नरोत्तम यादव, अविनाश टोप्पो, राजेंद्र सिंह, प्रेमदीप तिर्की, सुबेस कुमार भगत, शैलजा साय, कमला चौहान, नम्रता तिर्की, मिथुन चौधरी और कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर की वैज्ञानिक अनिता लकड़ा और डॉ. नागेंद्र कुमार सहित जिले के 87 किसान उपस्थित रहे।


