भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले में रंगों का पर्व होली उल्लास, उमंग और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक होली का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों और मोहल्लों में लोग रंग-गुलाल उड़ाते और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए। लोगों ने आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ त्योहार का आनंद लिया। होली के मौके पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोग टोली बनाकर एक-दूसरे के घर पहुंचते रहे और रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने फाग गीत गाए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। हर कोई होली के रंग में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। दो दिन तक पूरा माहौल खुशियों से भरा रहा। इधर, त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में होली का पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल भूतेश्वरनाथ मंदिर, राजीव लोचन मंदिर, जतमई मंदिर सहित सिकासार सहित अन्य पर्यटन स्थलों में भी होली का रंग देखने को मिला।


