महिला दिवस पर आज महिलाओं का सम्मान

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को नगर निगम द्वारा पुष्पवाटिका योगा हॉल में 11 बजे से महिलाओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के संबंध में महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह महिला सम्मान समारोह के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मान समारोह का शुभारंभ करेंगे। प्रथम सत्र में स्वच्छता रखे हर पल सुरक्षित रहेगा कल विषय पर सारगर्भित उद्बोधन देकर जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरुचि सिंह द्वारा स्वच्छता दीदी का काम कर बीएसएफ में चयनित सरस्वती साहू को सम्मानित करेगी। इसी प्रकार अधिकार जानो विषय पर अपना उद्बोधन देकर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा रेल्वे थाना प्रभारी तरूणा साहू को पण्डवानी गायकी के लिए सम्मानित किया जाएगा। स्वस्थ महिला समृद्ध परिवार सशक्त भारत विषय पर अपना उद्बोधन देकर राजनांदगांव मेडिकल कालेज की विभाग अध्यक्ष डॉ.ज्योति जितेन्द्र यादव द्वारा कैंसर वारियर सिद्धि मिरानी का सम्मान किया जाएगा। साथ ही शिक्षित महिला आत्म निर्भर महिला विषय पर अपना उद्बोधन देकर विधि डायग्नोस्टिक की पैथोलाजिस्ट डॉ. विधि मोदी द्वारा जेसीबी चालक दम्यंती सोनी को सम्मानित किया जाएगा। महापौर यादव ने बताया कि महिला सम्मान समारोह के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता सांसद संतोष पाण्डे करेंगे। साथ ही छग पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, भाजपा नेता खूबचंद पारख, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *