विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला

भास्कर न्यूज | जांजगीर अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमरताल में विवाद शांत कराने गए एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। घटना 3 मार्च की रात की है। पीड़ित फिरोज कुर्रे अपने घर में था। बाहर शोर सुनकर वह आंगन में निकला तो गांव का रूपेश उर्फ टिंगा अपने एक नाबालिग साथी के साथ विवाद कर रहा था। फिरोज ने बीच बचाव की कोशिश की तो शराब के नशे में धुत दोनों भड़क गए। इस दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से फिरोज के पेट पर वार कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति नाजुक होने पर बिलासपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है। थाना अकलतरा में बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रूपेश उर्फ टिंगा को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। अदालत के आदेश पर रूपेश को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि संलिप्त नाबालिग को कोरबा बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *