पाटन | प्रखंड में विद्यालयों के लिए पोशाक खरीद को लेकर बीआरसी कर्मियों की कथित दखलअंदाजी पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) नागेंद्र प्रसाद सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। इस संबंध में 28 फरवरी को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों में पोशाक आपूर्ति के मामले में किसी भी प्रकार का दबाव या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जारी निर्देश में बीईओ ने कहा है कि विद्यालयों में छात्रों के लिए पोशाक की खरीदारी का अधिकार पूरी तरह विद्यालय प्रबंधन समिति को है। विद्यालय प्रबंधन समिति अपने स्तर से किसी भी वेंडर से पारदर्शी तरीके से पोशाक की खरीदारी करने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने बताया कि विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बीआरसी कर्मी कुछ प्रधानाध्यापकों व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्षों पर मनपसंद वेंडर से पोशाक खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं।


