भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिले के सभी 19 पीएम श्री विद्यालयों के बीच जिला स्तरीय कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम का आयोजन शनिवार को शहर के सर जेसी बोस सीएम एसओई गर्ल्स स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद ने संस्कृति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की संस्कृति उसके परंपराओं, विचारों और जीवन शैली का प्रतीक होती है। विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं के आदान-प्रदान से ही समाज का समग्र विकास संभव होता है। उन्होंने छात्रों को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पीएम श्री जेबीएभी सरिया को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पचंबा को द्वितीय स्थान और पीएम श्री केजीबीवी डुमरी को तृतीय स्थान मिला। विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।पुरस्कार वितरण समारोह एडीपीओ प्रकाश कुमार के हाथों संपन्न हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एपीओ नीरज बड़ाइक, एमआरपी विजय कुमार यादव और एफएम मनीष कुमार का सराहनीय सहयोग रहा। वहीं प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुनीता कुमारी (जिला स्कूल गिरिडीह), मैनाक सेन, स्मिता सिंह (पीएस कस्तूरबा गिरिडीह) और रेखा कुमारी (एमएस आदर्श गिरिडीह) उपस्थित रहीं।


