भास्कर न्यूज |गिरिडीह सदर प्रखंड के परसाटांड पंचायत में राजपुरा तालाब के पास परसाटांड मोड़ से पंचायत सचिवालय, मिडिल स्कूल और प्राथमिक विद्यालय होते हुए सदर प्रखंड को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों का आवागमन काफी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि परसाटांड मोड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क की हालत सबसे खराब है। यहां सड़क पर केवल गड्ढे ही दिखाई देते हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और मजदूरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।स्थानीय ग्रामीण सचिन कुमार वर्मा, मनोज वर्मा, दिलीप वर्मा, लुटन राणा, अरुण कुमार राणा, महेश कुमार मल्लाह, नवल मल्लाह, पुरुषोत्तम राणा, पप्पू वर्मा और धनराज वर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि पचंबा–चितरडीह–जमुआ मुख्य सड़क से राजपुरा तालाब होते हुए हरिचक के रास्ते सदर प्रखंड को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले करीब दस वर्षों से बदहाल स्थिति में है। रोड का निर्माण करीब 25 साल पहले प्रधान मंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत किया गया था। सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे घंटे से भी अधिक समय लग जाता है। खराब सड़क के कारण कई बार लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से अपील की है कि इस सड़क के निर्माण की दिशा में जल्द पहल की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सड़क का निर्माण हो जाता है तो स्थानीय लोगों, दैनिक मजदूरों, स्कूली बच्चों और किसानों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।


