भास्कर न्यूज |गिरिडीह नाबार्ड एवं जागो फाउंडेशन के सहयोग से घंघरीकुरा दुग्ध कृषक उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और सीईओ के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य संस्था के बोर्ड सदस्यों और मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यक्षमता को मजबूत करना तथा संस्था के संचालन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है।कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आशुतोष प्रकाश, जिला गव्य विकास पदाधिकारी दीपेंद्र सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी मो. मुजाहिद अंसारी, जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ तथा आरएसईटीआई के प्रतिनिधि बी. एम. झा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ ने प्रशिक्षण के उद्देश्य और इसकी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से बोर्ड सदस्यों और सीईओ को संस्था के प्रबंधन, वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा किसान हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


