ईंट-पत्थर से मारपीट में महिला समेत 5 घायल, अस्पताल में भर्ती

गढ़वा| जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने मेराल प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाना के प्रभारी प्रधानाध्यापक आशिफ हुसैन व लिपिक अविनाश कुमार को कार्य में लापरवाही को लेकर शो कॉज किया है। इस संबंध में डीईओ ने बताया कि उक्त स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा नवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों का पंजीयन, परीक्षा फार्म भरने व शुल्क की राशि ससमय झारखंड अधिविद्य परिषद रांची में जमा नही करना और लिपिक के भरोसे कार्य को छोड़ना प्रभारी प्रधानाध्यापक के लापरवाही व मनमानी को दर्शाता है। साथ ही छह मार्च को नवीं कक्षा के 25 विद्यार्थियों का परीक्षा फार्म भरने के लिए शुल्क की राशि प्राप्त करने के बाद भी ऑन लाईन नहीं किया गया। जिसके कारण विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रह गए। इसे लेकर विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों द्वारा विद्यालय परिसर में हंगामा करने का मामला प्रकाश में आया। डीईओ ने पत्र जारी होने के 24 घंटे के अंदर प्रभारी प्रधानाध्यापक व लिपिक को जवाब देने का निर्देश दिया है। गढ़वा| मेराल-डंडई सड़क पर बाना गांव के समीप हुई बाइक दुर्घटना में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का पहचान डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव निवासी गोपाल राम की 45 वर्षीय पत्नी कर्मी देवी के रूप में हुई है। घायल कर्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि कर्मी मेराल के गोना गांव आ रही थी। इस दौरान बाना में वह बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गई। गढ़वा| मेराल थाना क्षेत्र के ओखरगाड़ा गांव में मारपीट की घटना में महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में बबलू पासवान, ब्रह्मानंद पासवान, ब्रह्मानंद पासवान की पत्नी संगीता देवी, अरविंद पासवान की पत्नी गुड्डी देवी तथा राजहरा गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान शामिल हैं। घटना के संबंध में बताया गया कि बबलू पासवान, ब्रह्मानंद पासवान और अरविंद पासवान एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर से भुइयां टोली किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान उसी गांव के अरविंद बहेलिया, छोटू बहेलिया, धर्मेंद्र बहेलिया, बबलू बहेलिया तथा सोनू बहेलिया सहित अन्य लोगों ने मिलकर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वे भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *