भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहगढ़ स्थित हिंदुस्तानी बस्ती के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी 3 स्कूटियों और एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार दोपहिया वाहनों के ऊपर चढ़ गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कुछ युवकों को मामूली चोटें आई हैं और चारों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। इलाके में अचानक जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। कार में 2 युवक सवार थे, जिन्हें लोगों ने बाहर निकाला। इस दौरान वहां कुछ देर तक बहस भी हुई। बताया जा रहा है कि कार चालक भी घायल हो गया था। उसने मौके दो पहिया वाहनों का सारा खर्च उठाने को कहा। जिसके बाद लोगों ने उसे किसी अस्पताल में भर्ती करवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चालक और उसका साथी नशे की हालत में थे। तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते समय चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। जब इस मामले में थाना डी-डिवीजन के एसएचओ शमिंदर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि यह इलाका उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, बल्कि कोतवाली थाने के अंतर्गत है। वहीं कोतवाली एसएचओ हरमनजीत सिंह को तीन बार कॉल किया,लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। बाद में कोतवाली के मुंशी जसपाल सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है, जांच करते हैं।


