भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मोहाली की ओर से आयोजित 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के तहत शुक्रवार को अंग्रेजी विषय का पेपर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में बनाए गए कुल 424 परीक्षा केंद्रों में से 220 नियमित परीक्षा केंद्र और 204 सेल्फ परीक्षा केंद्रों पर 27,327 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) राजेश कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री) कंवलजीत सिंह संधू और डिप्टी डीईओ राजेश खन्ना ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा और डिप्टी डीईओ राजेश खन्ना ने शहर के भीड़भाड़ वाले अंदरूनी इलाकों में स्थित परीक्षा केंद्रों का मोटरसाइकिल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने भाभा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अशोका सीनियर सेकेंडरी स्कूल और अजय पब्लिक स्कूल सहित कई केंद्रों का दौरा किया, जहां परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही थी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कंवलजीत सिंह संधू ने सीएलएच पब्लिक स्कूल पुतलीघर, सरकारी हाई स्कूल चविंडा कलां, श्री गुरु रामदास पब्लिक स्कूल वणियेक और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खासा बाजार में बनाए गए परीक्षा केंद्रों की औचक जांच की।


