बोकारो स्टील सिटी में नगर प्रशासन विभाग (सिविल अनुभाग) ने उन आवासीय ब्लॉकों को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है, जिन्हें क्षतिग्रस्त घोषित किया जा चुका है। इन ब्लॉकों की सूची नगर प्रशासन विभाग के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की गई है। इनमें सबसे ज्यादा ब्लॉकों की संख्या सेक्टर-12 की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इमारतों के गिरने की प्रबल संभावना है, जिससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है। ऐसे में इन आवासों में रहना अब सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। इसलिए इसे तुरंत खाली करें। नगर प्रशासन विभाग के अनुसार शहर के विभिन्न सेक्टरों के कुल 170 ब्लॉकों को क्षतिग्रस्त श्रेणी में चिह्नित किया गया है। जिसमें करीब 149 ब्लॉक सेक्टर-12 में है। इनमें सेक्टर-6 के 19 ब्लॉक, सेक्टर-9 और सेक्टर-2 का एक-एक ब्लॉक शामिल है। सभी भवनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। सुरक्षा को लेकर आवास खाली कराना जरूरी है बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इन सभी क्षतिग्रस्त आवासों को ध्वस्त किया जाना तय है। इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवास खाली करने की अपील की गई है। प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक आवास आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। विस्तृत जानकारी शीघ्र जारी की जाएगी। फिलहाल केवल उन्हीं पूर्व कर्मचारियों को आवास स्थानांतरण की सुविधा मिलेगी, जिन्होंने अपने आवास का लाइसेंस नवीकरण करा लिया है। जिन आवंटनधारियों ने अभी तक लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया है, उनका आवंटन नवीनीकरण कराने के बाद ही होगी।


