अमृतसर | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ईएमसी अस्पताल की विशेषज्ञ डॉ. अलका श्रीवास्तव ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अक्सर परिवार और जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मामले में खतरनाक साबित हो सकता है। डॉ. श्रीवास्तव ने जोर देकर कहा कि स्तन और सर्वाइकल कैंसर जैसे रोगों की शुरुआती चरण में पहचान ही सफल इलाज की कुंजी है। कई बार महिलाएं असामान्य लक्षणों जैसे गांठ, थकान या वजन में बदलाव को मामूली समझकर अनदेखा कर देती हैं। उन्होंने मैमोग्राफी, पैप स्मीयर टेस्ट और नियमित हेल्थ चेकअप को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और व्यायाम कैंसर के जोखिम को कम कर सकते हैं। ईएमसी अस्पताल का मानना है कि ‘स्वस्थ महिला ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।’ अतः समय रहते सही जांच और चिकित्सकीय परामर्श से न केवल कैंसर को नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर बनाई जा सकती है।


