मुंडन को लेकर घर में विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी

भास्कर न्यूज | देवकर देवकर पुलिस चौकी क्षेत्र में पिछले 48 घंटे के दौरान आगजनी और आत्महत्या की घटना हुई है। पहली घटना देवकर से करीब 3 किमी दूर ग्राम खपरी डंगनिया में सामने आई, जहां 18 वर्षीय युवक घनश्याम यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार 6 मार्च को प्रार्थी सरवन यादव के भतीजा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान मुंडन को लेकर घर में विवाद हो गया था। मृतक पढ़ाई का हवाला देकर मुंडन कराने से मना कर रहा था, हालांकि बाद में वह मान गया था। उसी शाम करीब 4 बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की। अगले दिन सुबह पास के गांव राखी खार में इमली के पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए साजा भेज दिया। कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव, जो पुलिस विभाग में पदस्थ थे, की मौत हुई थी। दशगात्र के दौरान हुए छोटे से विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। मकान में लगी आग नकदी, सामान जला वहीं दूसरी घटना ग्राम खुरुसबोर में गुरुवार रात लगभग 11 बजे हुई, जहां आग लगने से एक कच्चा मकान जलकर खाक हो गया। घटना के समय मकान मालिक मुखीदास कुर्रे (45) की पत्नी, बेटा और बहू घर के अंदर मौजूद थे। पड़ोसियों की आवाज सुनकर सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने मोटर पंप की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। पीड़ित मुखीदास कुर्रे ने बताया कि आग से नए-पुराने कपड़े, अनाज, पलंग, नगद राशि सहित करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है। देवकर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *