दहेज में कार न लाने पर एक महीने बाद ही न​वविवाहिता की गोली मारकर हत्या

भास्कर न्यूज | अमृतसर जंडियाला के गांव गहरी मंडी में शादी के करीब एक महीने बाद ही दहेज में कार न लाने पर नवविवाहिता की ससुराल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नविंदर कौर (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयानों पर पति, सास और जेठ-जेठानी के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। घटना शुक्रवार सुबह 8 बजे की है। सूचना मिलते ही एसपी देहाती अदित्या वॉरियर घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में मोर्चरी में रखवाया। मृतका के चाचा बलविंदर सिंह निवासी सुल्तानविंड रोड ने बताया कि एक महीने पहले 4 फरवरी को नविंदर कौर की शादी अमरिंदर सिंह के साथ करवाई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही आरोपी पति दहेज में कार न लाने पर तंग करने लगा था। ससुराली नविंदर कौर के साथ झगड़ा करते हुए तंग कर रहे थे। शुक्रवार सुबह 8 बजे कॉल आई कि उनकी बेटी बीमार है मगर उसके बाद सरपंच की कॉल आई कि बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बलविंदर सिंह ने कहा कि जब तक पुलिस आरोपियों को काबू नहीं कर लेती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। सहनशीलता की कमी और लालच आज कई परिवारों में रिश्तों को कमजोर कर रहे हैं। जब शादी को समझदारी और सम्मान की जगह लेन-देन या प्रतिष्ठा से जोड़ दिया जाता है, तो छोटे-छोटे विवाद भी गंभीर हिंसा में बदल सकते हैं। कई मामलों में गुस्से पर काबू न होना, बातचीत की कमी और सामाजिक दबाव भी ऐसे अपराधों को बढ़ावा देते हैं। परिवारों में आपसी सम्मान और धैर्य सबसे जरूरी है। शादी 2 परिवारों का रिश्ता है, जहां समस्याएं बातचीत और समझदारी से हल की जा सकती हैं। यदि किसी महिला को दहेज या घरेलू हिंसा के कारण मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा हो तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए। सबसे पहले अपने माता-पिता को जानकारी दें और जरूरत पड़े तो तुरंत पुलिस या महिला हेल्पलाइन से संपर्क करें। समाज को भी ऐसे मामलों में संवेदनशील बनने की जरूरत है। पड़ोसी, रिश्तेदार और पंचायत यदि समय रहते हस्तक्षेप करे तो कई हादसों को रोका जा सकता है। डॉ. पुरुशोत्तम दास गर्ग, साइकोलॉजिस्ट चाचा बलविंदर सिंह ने बताया कि नविंदर कौर 2 बहनें थी। छोटी बहन दिव्यांग है। नविंदर कौर घर में सबकी लाडली थी। मौत की सूचना के बाद नविंदर कौर की माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी के एक-दो दिन के बाद ही बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया था। नविंदर कौर ने दहेज की मांग को लेकर बताया था, उसके पति और ससुरालियों से बात कर शांत रहने के लिए कहा था लेकिन पता नहीं था कि बेटी की हत्या कर देंगे। शुक्रवार सुबह 7 से 8 बजे तक नविंदर कौर से मारपीट की गई। वह खुद को बचाने की कोशिश कर रही था। उसके पति अमरिंदर सिंह, बड़ा भाई गुरविंदर सिंह उसकी पत्नी राजविंदर कौर और सास राजविंदर कौर सभी मारपीट कर रहे थे। इतने में गुरविंदर ने अपने लाइसेंसी पिस्तौल से नविंदर के कान के पास एक गोली मार दी। गोली सिर से आर-पार हो गई और नविंदर की मौके पर मौत हो गई। वहीं एसपी आदित्या वॉरियर ने बताया कि इस मामले में आरोपी पति अमरिंदर सिंह, उसके बड़े भाई गुरविंदर सिंह, गुरविंदर की पत्नी राजविंदर और सास राजविंदर कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *