कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने पूछताछ के दौरान करीब एक दर्जन लूट की घटनाओं को कबूल किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन, नकदी और एक बाइक बरामद की है। सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह ने बताया कि 4 मार्च को गुरुद्वारा श्री बेर साहिब से माथा टेककर लौट रही एक बुजुर्ग महिला से पर्स छीनने की घटना हुई थी। इस संबंध में सुल्तानपुर लोधी पुलिस थाने में धारा 307 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को मिली आरोपियों की रिमांड एएसआई हरभजन सिंह की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुरेश कुमार और रवि कुमार दोनों निवासी तलवंडी चौधरीया को गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी के समय उनके पास से एक बाइक और एक पर्स बरामद हुआ, जिसमें 300 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड था। एसएचओ हरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया। पुलिस रिमांड के दौरान सुरेश कुमार और रवि कुमार के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के तीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने लगभग एक दर्जन लूट की वारदातों में अपनी शामिल होने की बात स्वीकार की है।


