प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर राजस्थान सहित चार राज्यों में शुक्रवार सुबह छापेमारी की गई है। विदेशों में करोड़ों रुपए के फंड ट्रांसफर को लेकर ईडी ने बड़ा एक्शन लेते हुए राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र व गुजरात में एक साथ रेड डाली है। बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई कस्टम विभाग की ओर से दर्ज एक केस के आधार पर की जा रही है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, कस्टम विभाग की ओर से विदेशों में करोड़ों रुपए के फंड ट्रांसफर को लेकर मुंबई में एक केस दर्ज किया गया था। कस्टम विभाग की ओर से दर्ज केस पर ईडी ने बड़ा एक्शन लेते हुए शुक्रवार सुबह एक साथ छापेमारी की है। बेनामी कंपनियों के जरिए अवैध रूप से फंड भेजने और उसके लिए फेक डॉक्यूमेंट तैयार करने से ये मामला जुड़ा हुआ है। मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क हो हो सकता बड़ा खुलासा ईडी की टीमों ने चारों राज्यों में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और अजमेर में ईडी टीमों ने रेड डाली। ईडी की कार्रवाई जयपुर में 3 जगह, अजमेर में 2 जगह व उदयपुर में 2 जगह हुई। इसके साथ ही नोएडा में 1, मुबई में 2 और सूरत में 1 जगह हुई है। इस मामले में जयपुर के एक बिजनेसमैन का नाम भी सामने आ रहा है। वह इंडिया में रहकर हॉन्गकॉन्ग से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। शक है कि विदेशों में करोड़ों रुपए ट्रांसफर करने में उसकी अहम भूमिका है। सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी में कई अहम सबूत मिलने की संभावना है, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का बड़ा खुलासा हो सकता है। PMLA कानून के तहत कार्रवाई ईडी की ओर से प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत पूरी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी है। गिरफ्तार कुछ आरोपी अभी तक जेल में ही है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते है। मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा रैकेट का पर्दाफाश हो सकता है।


