बयाना में चोरों ने पत्थर व्यापारी के सूने मकान पर धावा बोल दिया। चोर बाउंड्रीवॉल कूदकर मकान के अंदर घुसे और कमरों और आलमारी के ताले तोड़कर 30 तोला सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना श्याम सरोवर कॉलोनी में 6 मार्च की है। परिवार के साथ गए थे पैतृक गांव पीड़ित पत्थर व्यापारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि वह 5 मार्च को सुबह 7:30 बजे अपने परिवार के साथ पैतृक गांव बसई बंसी पहाड़पुर गए थे। वहां उनकी नई स्टोन कटिंग मशीन का उद्घाटन था। जब वे 6 मार्च की रात 9 बजे वापस लौटे, तो घर का सामान बिखरा मिला। इस बीच रात को चोर लॉकर में रखे सीतारानी, हार, अंगूठियां, चैन और कॉलर सहित 30 तोला सोने के गहने गायब मिले। जिनकी कीमत करीब 25 लाख रूपए थी। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी में एक बाइक मकान के पास आती दिखी- थाना इंचार्ज कोतवाली थाना इंचार्ज बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने लगी। जिसमें 5 और 6 मार्च की रात करीब 3 बजे मकान के पास एक बाइक आती दिखी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।


