पिंगलवाड़ा संस्था ने दो मरीजों को परिवारों को सौंपा

भास्कर न्यूज | अमृतसर ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल सोसाइटी ने एक बार फिर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्था ने इलाज और देखभाल के बाद दो बिछड़े हुए मरीजों शफी अहमद (बिहार) और प्रेमका चोपड़ा (लुधियाना) को उनके परिवारों से मिलवाया। अपनों से वर्षों बाद मिलने पर परिवारों की आंखें नम थीं और हर कोई पिंगलवाड़ा की निस्वार्थ सेवा को नमन कर रहा था। मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के निवासी शफी अहमद 19 जनवरी 2026 को लावारिस हालत में पिंगलवाड़ा में दाखिल हुए थे। इलाज के दौरान धीरे-धीरे उन्होंने अपनी पहचान बताई। संस्था ने अथक प्रयासों से उनके गांव के सरपंच और स्थानीय लोगों से संपर्क किया। पहचान सुनिश्चित होने पर भाई एमडी सोहेल व अन्य परिजन पिंगलवाड़ा पहुंचे। भाई ने बताया कि शफी 15 साल से घर से लापता थे। पिंगलवाड़ा के सहयोग से उन्हें वापस पाकर पूरा परिवार भावुक हो उठा। वहीं, लुधियाना की प्रेमका चोपड़ा (40) को 26 दिसंबर 2025 को गुरु नानक देव अस्पताल से पिंगलवाड़ा भेजा गया था। मानसिक स्थिति ठीक न होने पर उनका उपचार करवाया गया। स्वस्थ होने पर उन्होंने अपने पिता राज कुमार का नाम और मोबाइल नंबर दिया। परिवार ने बताया कि वह तीन महीने से लापता थी और उनकी तलाश में पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज थी। पिंगलवाड़ा की मुख्य सेवादार डॉ. इंदरजीत कौर ने बताया कि संस्था बेसहारा और बीमार लोगों की सेवा को ही सच्ची भक्ति मानती है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन देकर अपनों से मिलाना भी है। पिंगलवाड़ा ने इस वर्ष अब तक करीब 200 मरीजों को ठीक कर उनके राज्यों में परिवारों तक पहुंचाया है। इस अवसर पर प्रशासक योगेश सूरी, गुलशन रंजन, सुरजीत कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संस्था ने दोनों मरीजों को तीन महीने की दवाइयां देकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *