झालावाड़ में जिला प्रशासन और रोजगार कार्यालय की ओर से शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 757 बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। शिविर में 21 संस्थानों ने भाग लिया। नून हॉस्पिटल भवानीमंडी, नवभारत फर्टिलाइजर जयपुर समेत कई कंपनियों ने भर्तियां कीं। टेक्नीशियन, रिलेशनशिप ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड जैसे विभिन्न पदों के लिए 169 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया। राजस्थान आजीविका विकास निगम के प्रशिक्षण संस्थानों और प्रथम एजूकेशन फाउंडेशन ने 122 युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए चुना। साथ ही, पीएनबी आरसेटी झालरापाटन सहित अन्य संस्थानों ने 48 आशार्थियों को स्वरोजगार का मार्गदर्शन दिया। जिला कलेक्टर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि झालावाड़ कृषि प्रधान जिला है। यहां के युवा कृषि के साथ डेयरी, गोपालन, बकरी पालन और मधुमक्खी पालन जैसे व्यवसायों में अच्छी आय कमा सकते हैं।कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भू दयाल मीणा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य और जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा भी मौजूद रहे।


