बूंदी में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वर्षा ऋतु में किए जाने वाले पौधारोपण की योजना बनाई गई। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों के पौधारोपण के लक्ष्य निर्धारित कर दिए हैं। उन्होंने मई माह में ही गड्ढे खोदने के निर्देश दिए। नगर पालिका, नगर परिषद, जल संसाधन, स्काउट गाइड, उद्योग, चिकित्सा, पंचायतीराज, खेल विभाग, नरेगा, शिक्षा और पुलिस विभाग को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। वन विभाग को नर्सरियों में पौधे तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पंच गौरव में शामिल धोक प्रजाति के पौधे भी लगाए जाएंगे। बैठक में उपवन संरक्षक देवेन्द्र सिंह भाटी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा वाटर शेड के अधीक्षण अभियंता जसराम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी सामर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महावीर शर्मा, नगर परिषद आयुक्त संतलाल मक्कड़, जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह और संयुक्त निदेशक कृषि महेश कुमार शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


