वसुंधरा बोलीं-काम अच्छा किया जाए तो पद अपने आप आता:राजस्थानियों का प्यार ही मेरे लिए सबसे बड़ा पद, युवाओं में नई तकनीकों की समझ जरूरी

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा- राजस्थानियों का प्यार ही मेरे लिए सबसे बड़ा पद है। राजनीति में हर कोई पद चाहता है, लेकिन अगर काम अच्छा किया जाए तो पद अपने आप व्यक्ति के पास आ जाता है। यह बात वसुंधरा राजे ने जयपुर में आयोजित सशक्त युवा–सशक्त राष्ट्र सम्मेलन में कही। पूर्व सीएम ने युवाओं से प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा- आज के समय में नई तकनीकों की समझ बेहद जरूरी है। जो देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों में आगे होगा। वहीं, भविष्य में दुनिया का नेतृत्व करेगा। नशा युवाओं के भविष्य को कमजोर करता राजे ने कहा- युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और समाज को इस बुराई से बचाने के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए। नशा युवाओं के भविष्य को कमजोर करता है, इसलिए इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय मूल के लोग दुनिया में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं तो राजस्थान के युवा भी ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने सुंदर पिचाई का जिक्र करते हुए कहा कि वे मानव पूंजी के श्रेष्ठ उदाहरण हैं। जब राजस्थान के युवा विदेशों में जाकर अपनी पहचान बना सकते हैं तो प्रदेश में रहकर भी बड़ी उपलब्धियां हासिल क्यों नहीं कर सकते। भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में काम करें राजे ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में काम करें। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी नई तकनीकों का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। क्योंकि आने वाले समय में इन्हीं क्षेत्रों में आगे रहने वाले देश वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा- निर्णय लेने की प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। स्वीडन, जापान और जर्मनी जैसे देशों ने युवाओं में निवेश कर ही प्रगति हासिल की है। भारत भी अब युवाओं को आगे लाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। वसुंधरा राजे ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा- संसार की अपार शक्ति भारत के युवाओं के भीतर है। आज देश में इनोवेशन, इन्क्यूबेशन और स्टार्टअप की नई धारा का नेतृत्व भी युवा ही कर रहे हैं। स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत आज दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल है, जो युवाओं की मेहनत और क्षमता का परिणाम है। कार्यक्रम में महंत कैलाश और राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित धायल सहित कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *