NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जयपुर पहुंचे विनोद:बोले- बेरोजगारी, शिक्षा और ड्रग्स जैसे मुद्दों पर देशभर में करेंगे आंदोलन

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ शनिवार को जयपुर पहुंचे। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों और छात्र नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला रैली के रूप में राजस्थान यूनिवर्सिटी तक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत रैली के दौरान राजस्थान यूनिवर्सिटी में उनके पूर्व प्रतिद्वंदी रहे रणवीर सिंघानिया भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी बड़ी संख्या में छात्रों के साथ जाखड़ का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मिलकर राजस्थान में NSUI को और मजबूत बनाने की बात कही। इस दौरान दैनिक भास्कर से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में कई ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर केंद्र सरकार ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी इस समय देश का सबसे बड़ा मुद्दा है, लेकिन इस पर गंभीरता से काम नहीं किया जा रहा। इसके अलावा युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की लत भी चिंता का विषय है, जिससे उनके भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश में शिक्षा का स्तर लगातार कमजोर होता जा रहा है। शिक्षा का बजट कम किए जाने के कारण देशभर के विश्वविद्यालयों की स्थिति बिगड़ रही है। जाखड़ ने कहा- ये सभी मुद्दे NSUI की प्राथमिकता में हैं और संगठन देशभर में जाकर छात्रों की समस्याओं को उठाएगा तथा आंदोलन के माध्यम से न्याय दिलाने का प्रयास करेगा। जाखड़ ने अपने छात्र राजनीति के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वे खुद छात्र राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीति तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वे राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव लड़कर अध्यक्ष बने थे। उनके अनुसार छात्रसंघ चुनाव छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इससे कैंपस में लोकतांत्रिक माहौल बनता है। छात्रों की समस्याओं को उठाने का मंच मिलता है। उन्होंने कर्नाटक सरकार का जिक्र करते हुए कहा- वहां कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू करने की घोषणा की है, जो स्वागत योग्य कदम है। वहीं, राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI लगातार आंदोलन कर रही है। जाखड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उससे पीछे हट गई। जाखड़ ने कहा कि वे राजस्थान यूनिवर्सिटी से प्रदेश के युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए वे संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर आंदोलन करेंगे और छात्रसंघ चुनाव करवाकर ही दम लेंगे। उनका मानना है कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीति के लिए ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि कैंपस के माहौल और छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए भी अहम है। राजस्थान में नए NSUI प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर जाखड़ ने कहा कि जो व्यक्ति संघर्ष करेगा और आम छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाएगा, उसे संगठन में आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के सभी नेता सम्मानित है। फिलहाल संगठन एक नेता के नेतृत्व में काम कर रहा है और वह हैं राहुल गांधी। जाखड़ ने कहा- राहुल गांधी देश को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा- देश के युवा भी उनके विचारों और रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *