फाजिल्का के अशोक विहार में देर रात एक युवक घर में दाखिल हो गया। आरोपी युवक गेट फांदकर घर में घुसा। उस समय घर के मालिक सो रहे थे। युवक पहले रसोई में गया, जहां उसने खाना खाया और वहां से बादाम, तौलिया और घर से महिला की चप्पलें लेकर भाग निकला। जब घर के मालिकों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन युवक मौके से भागने में कामयाब रहा। इसी दौरान सामने से आ रहे पीसीआर बाइक सवार पुलिस कर्मियों ने उसे शक के आधार पर रोककर पूछताछ की, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। जानकारी देते हुए पुलिस कर्मचारी बसंत ने बताया कि उन्हें रात करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि फाजिल्का के अशोक विहार में एक चोर घर में दाखिल हुआ है। इसके बाद वे मौके पर जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एक युवक नंगे पैर आता हुआ दिखाई दिया, जो बादाम खा रहा था और उसके पास एक तौलिया भी था। पुलिस ने शक के आधार पर पकड़ा शक के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ मौके पर ले गई। वहां पहुंचने पर पता चला कि यही युवक लोगों के घर में दाखिल हुआ था। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसने घर में दाखिल होकर पहले रसोई में खाना खाया और फिर वहां से बादाम व तौलिया उठा लिया। इसी दौरान घर के लोगों को इसकी जानकारी मिल गई तो वह महिला की चप्पलें पहनकर मौके से भाग गया। भागते समय जब उसे पता चला कि उसके पैरों में महिलाओं की चप्पलें हैं तो उसने गली में ही चप्पलें फेंक दीं और नंगे पैर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। फिलहाल आरोपी को थाने ले जाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


