डीडवाना-कुचामन में 20 अपराधी गिरफ्तार, इनामी भी पकड़ा:पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर की बड़ी कार्रवाई

डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों से 20 आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी अपराधी को भी पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए। एनडीपीएस एक्ट में वांछित चेनाराम पुत्र नंदाराम उर्फ नन्दा निवासी बडू को गिरफ्तार कर बाद में पुलिस थाना मांडल, जिला भीलवाड़ा को सौंपा गया। इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी मकराना विकी नागपाल के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। आरपीएस प्रशिक्षु गरिमा चौधरी के नेतृत्व में कुल 16 टीमों का गठन कर जिले के विभिन्न स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान परबतसर पुलिस ने अवैध शराब विक्रय और परिवहन के दो मामले दर्ज कर लगभग 30 लीटर अवैध शराब जब्त की। मकराना पुलिस ने 1.054 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। दुकान की आड़ में शराब बेचने वाले शिवराज सिंह निवासी कालवा के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया, जिसमें लगभग 70 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पीलवा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर दो वाहनों को जब्त किया। पुलिस ने अपराधियों से जुड़े सोशल मीडिया खातों की भी निगरानी की। इस दौरान 52 ऐसे लोगों को चिन्हित कर पाबंद किया गया, जो अपराधियों को फॉलो कर रहे थे या उनके संपर्क में थे। इसके अतिरिक्त, हाईवे के आसपास स्थित लगभग 40 होटल-ढाबों की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। इस विशेष कार्रवाई में मकराना, पीलवा, गच्छीपुरा, परबतसर और बडू थाना पुलिस की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *