अलवर शहर से सटे सरिस्का के बफर जोन के जंगल में दूसरे दिन बाघिन ST-19 के दो शावक पहाड़ की तलहटी में अठखेलियां करते दिखे। जबकि पहले दिन शुक्रवार शाम की साइटिंग में बाघिन के चारों शावक साथ थे। एक साथ 5 टाइगर दिखे थे। बता दें कि यहां बफर जोन ही नहीं सरिस्का के कोर जंगल में भी एक साथ पांच-पांच टाइगर की साइटिंग कभी-कभार ही होती है। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर हिमांशु शर्मा ने बताया कि सरिस्का बफर जोन के बारा लिबारी ट्रैक पर निमली जोहड़ी वाटर पॉइंट से तकरीबन 1 किलोमीटर आगे टाइग्रेस एसटी-19 और उसके चारों शावकों की साइटिंग हुई। उन्होंने बताया कि शावक एक जगह दिखे। बाकी थोड़ी दूरी पर नजर आए। इससे पहले दिन टाइग्रेस व शावक एक ही जगह वाटर पाइंट पर नजर आए थे।


