मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की हनुमानगढ़ में जनसभा आज:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होगा कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था बदली

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन की धानमंडी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसभा आयोजित होगी। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धानमंडी परिसर में मंच तैयार किया गया है और सुबह से ही व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और आमजन के शामिल होने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। वाहनों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए धानमंडी में प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। श्रीगंगानगर, सादुलशहर और अबोहर की ओर से आने वाले वाहन गेट नंबर 8, 9 और 10 से प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, सूरतगढ़, पीलीबंगा, चूरू, बीकानेर, नोहर, भादरा, पल्लू, रावतसर, संगरिया और टिब्बी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गेट नंबर 1, 2, 9 और 10 तय किए गए हैं। जनसभा के कारण शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। करणी चौक से लाल चौक तक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके अलावा, सिविल लाइन चौक से सर्किट हाउस टी-पॉइंट और तिलक सर्किल से जिला परिषद रोड तक भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए बताए गए मार्गों का ही उपयोग करें। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है, ताकि आवश्यक सेवाएं बाधित न हों। कार्यक्रम को लेकर धानमंडी क्षेत्र में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई है और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *