कपूरथला में सड़क किनारे मिले घायल युवक की मौत:परिजनों ने कहा- हत्या की गई; दो मासूम बेटियों का पिता था

कपूरथला जिले के गांव दयालपुर रोड पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। राहगीरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए करतारपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जालंधर के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 4 मार्च की शाम को युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने 5 मार्च को युवक के शव को नडाला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। दो दिन बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल लेकर आए और वहां के शवगृह में रखवा दिया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया मृतक के भाई तिलक राज ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने छोटे भाई का शव लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचे थे, लेकिन सुबह से शाम तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने जताया हत्या का शक तिलक राज ने दावा किया कि उसके भाई की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च की सुबह उसका भाई रवि कुमार रोज की तरह अपने काम पर गया था। रवि कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करता था। उसके परिवार में पत्नी पूजा रानी और दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 5 वर्ष है। तिलक राज के अनुसार 4 मार्च को उन्हें सूचना मिली कि उनका भाई गांव दयालपुर रोड पर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है और उसके शरीर पर बुरी तरह मारपीट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि रवि कुमार को सड़क किनारे से उसकी पत्नी और साला कारण लेकर आए थे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि यह सड़क हादसा है, लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ कि किसी ने रवि कुमार को बांधकर बुरी तरह पीटा और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया। मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय रवि कुमार पुत्र परमजीत निवासी गांव जग्गा, नडाला के रूप में हुई है। पुलिस ने ये दी जानकारी थाना सुभानपुर के एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि 3 मार्च को सूचना मिली थी कि गांव दयालपुर रोड पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है, जिसे परिजनों ने जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया था। इलाज के दौरान 4 मार्च को उसकी मौत हो गई। एएसआई ने बताया कि शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया था, लेकिन जरूरी दस्तावेज पूरे न होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *