भीलवाड़ा में जमीन-विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, 18 घायल:एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया, पत्थर फेंके; स्कॉर्पियो- ब्रेजा में तोड़फोड़

भीलवाड़ा के मांडल में शुक्रवार को दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। दोनों ने एक- दूसरे पर लाठियों से वार किए। फिर जमकर पत्थर फेंके। झड़प में दोनों पक्षों से करीब 18 लोग घायल हो गए। झड़प के बीच गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। जानकारी के अनुसार, मांडल थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में घटना आज शाम करीब 4 बजे हुई। जमीन के विवाद को लेकर बबलू मोहम्मद और इकबाल पठान के दो परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों के परिवार आमने- सामने हो गए और एक- दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों से कुल 18 लोग घायल हो गए। जिनमें से 12 का भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जबकि 6 का मांडल के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। एक पक्ष बोला- हमले से पिता की हालत नाजुक, दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की
पीड़ित बबलू मोहम्मद ने बताया- आरोपियों से जमीन को लेकर हमारा पुराना विवाद चल रहा है। मेरे पिता जुम्मे की नमाज पढ़ कर अपने खेत पर जा रहे थे। इसी बीच में अयूब पिता मिरचुदिन, फरीद पिता मिरचुदिन, चांद पिता मिरचुदिन, जफरुद्दीन, हारून, इरफान, शहीद सहित कई लोगों ने मेरे पापा की गाड़ी रोक ली और हमला कर दिया। पिताजी के साथ मारपीट की। अम्मी और मेरी गुड़िया, मेरे भाई की वाइफ जो खेत में काम कर रही थी, फारूक ने उन पर गाड़ी चढ़ा दी। मेरी दादी ने मेरे भाई शौकीन को फोन किया तो शौकीन और जिलानी दोनों गाड़ी लेकर आए। आरोपियों ने भाई की गाड़ी के कांच तोड़ दिए। उनके हाथ-पैर तोड़ दिए। दादी ने मुझे फोन किया, मैं पहुंचा तो मेरे साथ भी मारपीट की। मेरी कार में तोड़फोड़ की। मैं किसी तरह से परिवार के घायलों को हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। हमले में अब्दुल और पिता मुबारक की हालत नाजुक है। आरोपियों ने प्लानिंग बनाकर हथियारों से हमला किया। बाइक, स्कॉर्पियो और ब्रेजा में भी तोड़फोड़ की। दूसरे पक्ष ने कहा- उनकी बंदूक नहीं चली, वरना वो मेरे पिता को गोली मार देते
घायल इकबाल पठान ने बताया- हम नमाज पढ़ कर बाहर आए, तो दूसरे पक्ष के लोग हमें गालियां दे रहे थे। हम बिना कुछ बोले हमारे खेत पर चले गए। फिर भी इन्होंने खेत पर आकर हमसे लड़ाई की। इन्होंने कहा कि यह सारी जमीन इनकी है। लेकिन खेती- बाड़ी की एक बीघा जमीन को लेकर यह विवाद बरसों से है। यह हमारी जमीन है, लेकिन ये इसे अपनी बताते हैं। मारपीट करने मुबारक भाई, बबलू भाई, शौकीन, आदिल, जिलानी रफीक और इनके घर की लेडिज और मां हमसे लड़ाई करने आई। ये सब हमारे रिश्तेदार है, जो दूर के रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं। हमले में मेरे पापा, भाई-भाभी, छोटा भाई, चाचा, चाचा के लड़के घायल हुए हैं। इकबाल के अनुसार- आरोपी पक्ष में मुबारिक हथियार और बंदूक लेकर आया था। लेकिन गनीमत रही कि बंदूक नहीं चली, वरना मेरे पापा को बंदूक से मार देते। पुलिस को मामले में जांच करनी चाहिए। थानाधिकारी बोले- पुराना विवाद, घायलों की स्थिति खतरे से बाहर, जांच जारी मांडल थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया- गांव के एक परिवार में जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। आज परिवार के ही 2 पक्षों में झड़प हो गई। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है। घायलों का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद फिलहाल शांति है। मामले की जांच कर रहे है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हालांकि अभी तक किसी पक्ष ने कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *