चरखी दादरी पुलिस ने रोहतक के नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी को एक दिन की रिमांड पर लिया तो उसने पूछताछ में बताया कि वह राजस्थान से नशीला पदार्थ लाकर सप्लाई करता है। जिसको नशीला पदार्थ बेचा उसको पहले किया था गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 12 मई 2023 को हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट भिवानी की टीम गांव रानीला-बास रोड़ पर मौजूद थी। उसी समय टीम को सूचना मिली थी कि गांव बास निवासी की जोगिन्द्र उर्फ भोदड़ नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए मकान पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर जोगिन्द्र अपने हाथ में लिए हुए पिट्ठू बैग को फेंक कर छत के रास्ते भाग गया। टीम ने उसका पीछा किया लेकिन वह गलियों से होते हुए पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम ने बैग को कब्जे में लेकर चेक किया, जिसमें 1 किलो भुक्की,1 किलो 500 ग्राम गांजा, 524 ग्राम डोडा छिलका व 202 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी जोगिन्द्र उर्फ भोदड़ को पुलिस ने बाद में 19 जुलाई 2023 को गिरफ्तार कर लिया था। भिवानी जेल भेजा
उससे पूछताछ की गई तो आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने नशीला पदार्थ रोहतक जिले के पिलाना निवासी प्रदीप उर्फ बौना से खरीदा था। पुलिस ने आरोपी जोगिन्द्र कोर्ट में पेश कर भिवानी जेल भेज दिया था। वहीं मामले में दूसरे आरोपी प्रदीप उर्फ बौना को पुलिस ने 6 मार्च को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया और पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान प्रदीप ने बताया कि वह चिड़ावा ,राजस्थान से नशीला पदार्थ लाकर सप्लाई करता था। शुक्रवार को आरोपी प्रदीप को कोर्ट में पेश कर भिवानी जेल भेज दिया है।


