शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए मानसा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 13 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने बताया कि 28 जुलाई को मानसा शहर के निवासी कुलविंदर सिंह (कोट लल्लू) ने अपने मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना सिटी-2 में दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को दबोच लिया। मानसा के ही रहने वाले हैं आरोपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनदीप सिंह और सतगुरु सिंह के रूप में हुई है, जो दोनों मानसा शहर के ही निवासी हैं। प्राथमिक पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी-2 में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। सरदूलगढ़ के कबाड़ी को बेचते थे चोरी की बाइकें डीएसपी गिल ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी मोटरसाइकिलें चोरी करने के बाद उन्हें सरदूलगढ़ के एक कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस अब उस कबाड़ी की तलाश में भी जुट गई है। डीएसपी ने चोरों के अलावा चोरी का सामान खरीदने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ भी कड़ा कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे वाहन चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।


