भास्कर न्यूज | अमृतसर कोट खालसा स्थित गुरुद्वारा श्री बोहड़ी साहिब में 86वां होला महल्ला 12 से 15 मार्च को होगा। इलाके की लोकल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सविंद्र सिंह संधू और इलाके की संगत के सहयोग से करवाए जा रहे मेले में वीरवार को टीमों के बीच वालीबॉल मुकाबले करवाए गए। दो दिवसीय इन मुकाबलों में जीतने वाली टीमों को ईनाम वितरण किया जाएगा। मेले में आई संगत के लिए 24 घंटे लंगर लगा रहा। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान संधू ने बताया कि 13 और 14 मार्च को होला महल्ला पर धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे। जिसमें रागी और ढाडी जत्थे गुरु जस गाकर संगत को निहाल करेंगे। वहीं अगले दिन दस्तारबंदी मुकाबले करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 9 मार्च को विशाल नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से निकाला जाएगा। नगर कीर्तन के आगे-आगे और रात को गुरुद्वारा साहिब में आतिशबाजी होगी। पांच प्यारों की रहनुमाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में निकाले जाने वाले नगर कीर्तन के आगे-आगे गतका पार्टी गतका के जौहर दिखाएंगी। यह नगर कीर्तन गुरु की वडाली, गुरुद्वारा जन्म स्थान, गुरुद्वारा श्री छेहर्टा साहिब, प्रताप बाजार, छेहर्टा चौक, जीटी रोड, खंडवाला, पुरानी चुंगी, कबीर पार्क, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से होते कोट खालसा के रास्ते गुरुद्वारा बोहड़ी साहिब में समाप्त होगा। नगर कीर्तन जिन रास्तों से गुजरेगा वहां गुरु साहिब के दर्शनों को खड़ी संगत फूलों की वर्षा करेंगी। उन्होंने कहा िक होला महल्ला के इस मेले में संगत द्वारा श्री अखंड़ साहिब के पाठ रखे जाते हैं।


