लुधियाना | हाई-टेक साइकिल वैली, धनानसू में जेबीआर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जा रहे जेबीआर रेजिलिएंस इंडस्ट्रियल पार्क (औद्योगिक क्लस्टर) का भूमिपूजन समारोह कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और सांसद एवं पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रतिनिधि हरदेव सिंह दोधर की मौजूदगी में हुआ। जेबीआर के सीएमडी राजिंदर सिंह और तकनीकी निदेशक प्रदीप सिंह ने बताया कि यह क्लस्टर डाइंग उद्योग के लिए एक नई क्रांति साबित होगा, जिसमें 20 एमएलडी क्षमता का जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) सीईटीपी और 20 मेगावाट का बायोमास थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। जेबीआर टेक्नोलॉजीज के सीएमडी राजिंदर सिंह ने कहा क्लस्टर का निर्माण 15 माह में पूरा हो जाएगा और इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने क्लस्टर को पर्यावरण अनुकूल और रोजगार बढ़ाने वाला प्रोजेक्ट बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने इसे रंगाई उद्योग के लिए बड़ी पहल करार देते हुए कहा कि इससे प्रदूषण पर नियंत्रण होगा । गुरमेल सिंह भलवान, बॉबी जिंदल, तरुण जैन बावा, अशोक मक्कड़, गुरमीत सिंह कुलार, संदीप बहल, जोगिंदर सिंह, नरिंदर भवन, समीर सूद और अजीत लाकड़ा समेत सैकड़ों उद्योगपति और कारोबारी मौजूद थे। {जेडएलडी तकनीक से ट्रीटेड पानी दोबारा इस्तेमाल होगा, जिससे भूजल संकट कम होगा। {बायोमास थर्मल पावर प्लांट से बिजली की आपूर्ति, जिससे बिजली कटौती की समस्या दूर होगी। {100 टन क्षमता का बॉयलर, जो पाइपलाइन से रंगाई इकाइयों को भाप देगा, कारीगरों को बॉयलर और ईंधन की झंझट से मुक्ति मिलेगी।


