भास्कर न्यूज| महासमुंद नगरीय निकाय चुनाव के बाद महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष पद में निखिलकांत साहू ने भारी मतो से जीत दर्ज की। जीत के बीस दिन बाद शुक्रवार को महासमुंद के शंकराचार्य भवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में अपर कलेक्टर डॉ. रविराज ठाकुर ने नवनिर्वाचित नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू सहित सभी 30 पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर निखिलकांत साहू ने कहा कि आप सभी ने पूरे विश्वास के साथ एक नौजवान को चुना है। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि आपके हर उम्मीद में खरा उतरूंगा। नगर के आखिरी पंक्ति के व्यक्ति के समस्या के निराकरण के लिए प्रयासरत रहुंगा। विकास इरादों से होता है, आज से हम जनता की सेवा में हैं। हम सभी दलगत राजनीति से हटकर मिलकर एक नया महासमुंद बनाएंगे और शहर विकास को गति देंगे जिससे महासमुंद नगर पालिका जिले में ही नहीं, प्रदेश और देश में जाना पहचाना जाएगा। जनता की मूलभूत समस्याओं, उनकी आवश्यकताओं, शहर व वार्डों के विकास के लिए जनता के विचार जानकर आने वाले पांच सालों में शहर का विकास करना है। उन्होंने कहा कि मुझसे कुछ गलती होती है तो आप सभी जनता की जवाबदारी है कि आप सभी मुझे सचेत करें। शहर के विकास के लिए नई दिशा देंगे। सभी के सहयोग के साथ शहर को विकास की राह में ले जाएंगे। आप सभी ने जिस भावनाओं के साथ हमें निर्वाचित किया है उसके अनुरूप कार्य चालू है। 5 साल बाद जब रिजल्ट आपके समक्ष होगी तो आप खुश होंगे कि आपने सही व्यक्ति को चुना है। जिस नए महासमुंद के लिए आपने हमें चुना है वो पूर्ण होगा आप सभी निश्चिंत रहे प्रफुल्लित रहे आपको जल्द नया महासमुंद मिलने वाला है। चुनाव के समय में रणभूमि में एक योद्धा की तरह लड़ने वाले सभी को धन्यवाद दिया। इस मौके पर सीएमओ अशोक सलामे, कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा, दिलीप कश्यप सहित अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि आप लोगों को विश्वास से जनता ने चुना है सभी के विश्वास पर आपको खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद सभी से मिलना सभी का अनुभव लेना। नगर के वरिष्ठ नेता, पत्रकारों, उद्योगपतियों व मजदूर सभी वर्गों के लोगों से चर्चा करके आगे बढ़ना है। आप युवा है घमंड कभी न करना। जनता के साथ जितना नम्र स्वभाव होगा उतना आप आगे बढ़ोगे। पद पाकर आपको झुकना आना चाहिए। आपसी द्वेष दूर कर शहर के विकास के लिए मुट्ठी बनकर काम करेंगे: जिलाध्यक्ष येतराम भाजपा के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने शहर के विकास के लिए मुट्ठी बनकर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जातिगत, दलगत आपसी राग द्वेष को दूर कर मिलकर काम करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष साहू व समस्त पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए जनता के हित में निरंतर सक्रिय रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही। केंद्र व राज्य सरकार के योजनाओं का लाभ देने सभी संयुक्त रूप से काम करेंगे। लोगों से मिलजुलकर रहे, सक्रिय रहें।


