पठानकोट में बंद का व्यापक असर:बंद रहे मुख्य बाजार, व्यापार मंडल का समर्थन; चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया। इसका असर पठानकोट में भी देखने को मिला, जहां शहर के मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहे। हालांकि, गली-मोहल्लों की दुकानें दिनभर खुली रहीं। वहीं, नगर निगम के सफाई सेवक, सीवरमैन और ड्राइवर यूनियन ने हड़ताल कर कामकाज पूरी तरह ठप रखा। कर्मचारियों ने नगर निगम के मुख्य गेट पर धरना देकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पठानकोट के पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा भी सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के धरने में पहुंचे। सफाई कर्मचारियों के पंजाब बंद के आह्वान को पठानकोट व्यापार मंडल का भी समर्थन मिला। पठानकोट व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनिंदर सिंह और अध्यक्ष दपिंदर अरोड़ा ने सभी दुकानदारों से दोपहर तक अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की। सुबह से दोपहर तक पूरी तरह बंद रखे गए बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपेंद्र अरोड़ा, पंजाब महासचिव एलआर सोढ़ी, पंजाब सचिव सुनील महाजन और जिला चेयरमैन चाचा वेद प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को हुई बैठक के बाद शहर के सभी बाजार सुबह से दोपहर तक पूरी तरह बंद रखे गए। वर्तमान में शहर का ऐसा कोई गली-मोहल्ला या मुख्य मार्ग नहीं बचा है, जहां कूड़े के ढेर नजर न आ रहे हों। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए शहर में गंदगी के कारण गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिससे व्यापारी वर्ग और आम लोग चिंतित हैं। इन परिस्थितियों और सफाई कर्मचारियों की मांगों को देखते हुए व्यापार मंडल ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *