छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम आने के बाद लोगों को शपथ ग्रहण समारोह का इंतजार था। ताकि नगर निगम में जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों को संभाल सके। ऐसे में अब शपथ ग्रहण समारोह का दिन तय हो चुका है और शनिवार यानि 8 मार्च को महापौर और 48 वार्ड के नवनिर्वाचित पार्षद शपथ लेंगे। वहीं शपथ के 2 दिन बाद ही समान्य सभा की भी बैठक होगी। नगर निगम ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली है। पंजरी प्लांट स्थित निगम के ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। दोपहर 3 बजे नवनिर्वाचित महापौर और 48 पार्षद शपथ लेंगे। शपथ समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्तमंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी होंगे। साथ ही कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह व लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार होंगे। पहली बैठक 2 दिन बाद
शपथ ग्रहण समारोह में महापौर व नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाया जाएगा। वहीं बताया जा रहा है कि निगम में पहली सामान्य सभा की बैठक 10 मार्च को होगी। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सभापति का नाम भी तय कर दिया जाएगा। रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में भाजपा के 33, कांग्रेस के 12, निर्दलीय 2 व बसपा के 1 पार्षद जीत कर आए हैं।


